PATRIKA24x7

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने जनपद पंचायत कार्यालय गुण्डरदेही में ली समीक्षा बैठक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने जनपद पंचायत गुण्डरदेही के सभाकक्ष में ग्राम पंचायत सचिवों एवं नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। समीक्षा बैठक में उन्होंने गुण्डरदेही विकासखण्ड में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में चंद्रवंशी ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने तथा निर्माणाधीन कार्यों की सतत माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ सुनील चंद्रवशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जारी किश्त, आवास निर्माण की प्रगति एवं अपूर्ण आवास की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों के आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी लेने के साथ राजमिस्त्री प्रशिक्षण बैच तैयार करने एवं सभी ग्रामों में प्रति सप्ताह आवास चैपाल लगाकर निर्धारित समयावधि में आवास निर्माण कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ चंद्रवंशी ने ग्राम पंचायत चिचबोड़, डुण्डेरा, जेवरतला, कांदुल, खुरसुल, सिकोसा, सिरी के सचिव के असंतोषजनक कार्यों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सीईओ चंद्रवंशी ने ग्राम पंचायत सिरसिदा के सचिव मोतीलाल साहू व ग्राम पंचायत सलौनी के सचिव शैलेन्द्र साहू की आवास प्रगति के कार्य की सराहना की। बैठक में सीईओ चंद्रवंशी ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों की आवास निर्माण की प्रगति धीमी है वहाँ निर्वाचित सरपंच-पंच के सहयोग से एक सकारात्मक माहौल तैयार कर हितग्राहियों से समन्वय स्थापित करते हुए सितंबर माह के पूर्ण सभी द्वितीय किश्त प्राप्त आवासों को शत् प्रतिशत पूर्ण करने को कहा।

इसके साथ ही सीईओ चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम एवं पाई इण्डेक्स की प्रगति, ग्राम स्वराज पोर्टल में एंट्री, मनरेगा, लेबर बजट तैयार कराने एवं अटल डिजिटल सेवा केन्द्र में ट्रांजेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निखत सुल्ताना, जिला पंचायत आंवास समन्वयक प्रभात साहू, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा ओमप्रकाश साहू, विकासखण्ड समन्वयक नीलम चंद्राकर, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा प्रतिज्ञा चंद्राकर, विकास विस्तार अधिकारी महेन्द्र जांगड़े सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!