गुण्डरदेही।
हितग्राहियों से बातचीत कर आवास निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में ली जानकारी, निर्माणाधीन आवास के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने गुण्डरदेही विकासखण्ड के प्रवास के दौरान ग्राम मोंगरी पहुँचकर आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 01 के नवनिर्मित भवन एवं निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास सहित एवं अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम मोंगरी में अभिसरण के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 01 के नवनिर्मित बेहतरीन भवन की भूरी-भूरी सराहना की।
इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन में बच्चों के अध्ययन कक्ष, किचन, स्टोर रूम एवं शौचालय का निरीक्षण कर पानी आदि की समुचित उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला खनिज न्यास निधि एवं मनरेगा के अभिसरण के माध्यम से इस बेहतरीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया गया है। कलेक्टर मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इस नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन को माॅडल आंगनबाड़ी केन्द्र बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने ग्राम मोंगरी में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन 02 आवासों का निरीक्षण कर निर्माणाधीन आवासों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही साकेत मण्डावी एवं रूपचंद से बातचीत कर निर्माणाधीन आवास निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं अधिकारियों को पेयजल हेतु गांव में निर्मित बोर का अवलोकन कर बोर से व्यर्थ बहने वाले पानी के समुचित उपयोग एवं उचित प्रबंधन करने को कहा। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा, सरपंच रोशन लाल सोनवानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

