PATRIKA24x7

सीईओ जिला पंचायत ने पशु सखियों एवं बिहान के दीदियों के साथ सुना ’दीदी के गोठ’ रेडियो प्रसारण कार्यक्रम आजीविका संवर्धन एवं विकास के संबंध में दी विस्तारपूर्वक जानकारी।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने आज पाकुरभाट स्थित पंचायत संसाधन केन्द्र में पशु पालन के कार्य हेतु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पशु सखियों एवं बिहान के दीदियों के साथ आकाशवाणी केन्द्र रायपुर के द्वारा प्रसारित मासिक रेडिया वार्ता कार्यक्रम दीदी के गोठ को सुना।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी पशु सखियों एवं बिहान के दीदियों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। चंद्रवंशी ने पशु सखियों एवं बिहान के दीदियों को उनके आजीविका संवर्धन एवं विकास के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं टिप्स भी दी।

इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर, सहायक परियोजना अधिकारी राष्ट्रीय आजीविका मिशन नितेश साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान के अंतर्गत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं सफलता की कहानियों को साझा करने के उद्देश्य से ’दीदी के गोठ’ नामक रेडियो कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस कड़ी में आज दूसरी कड़ी का प्रसारण पाकुरभाट स्थित पंचायत संसाधन केन्द्र में किया गया।

उल्लेखनीय है कि दीदी के गोठ’ कार्यक्रम के माध्यम से बिहान से जुड़ी दीदियों के कार्यों उनकी उपलब्धियों तथा आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्रदेशभर में प्रसारित की जा रही है। यह पहल न केवल स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहित करेगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में और अधिक प्रेरणा भी प्रदान करेगी। जिला स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 130 महिलाओं ने रेडिओ के माध्यम से दीदी के गोठ कार्यक्रम का श्रवण किया। इसी प्रकार जिले के सभी 05 जनपदों एवं 20 क्लस्टर स्तरीय संगठन में इसका प्रसारण कराया गया। जिसमे लगभग 4300 महिलाओं ने रेडियो के माध्यम से कार्यक्रम का श्रवण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!