गुण्डरदेही।
मनखे-मनखे एक समान’ के जयघोष और सतनाम भजनों की गूँज के साथ नगर पंचायत गुंडरदेही में संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। स्थानीय सतनाम भवन परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में सतनामी समाज के लोगों ने श्वेत ध्वज (जैतखाम) की पूजा-अर्चना कर बाबा जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन उपस्थित रहे। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि यह गौरव का विषय है कि वर्तमान में भाजपा से समाज के चार विधायक हैं, जिनमें दयाल दास बघेल और गुरु खुशवंत साहिब कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं। वहीं अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जो समाज की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है।
विकास कार्यों की तत्काल स्वीकृति
सतनामी समाज की मांग पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने समाज के भवन से लगी अतिरिक्त भूमि के समतलीकरण और बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए तत्काल स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को इसका एस्टीमेट बनाकर जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को ₹10,000 और पंथी दल को ₹1,100 की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
गरिमामयी उपस्थिति और सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सतनामी समाज के महासचिव संजय जोशी ने की। विशिष्ट अतिथियों में कोमल सोनकर, के.के. राजू चंद्राकर, संदीप जोशी, पार्षद सुल्ताना तिगाला, सलीम खान, केशव साहू और खोरबाहरा बंजारे सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान जैतखाम की छांव में कलाकारों ने मनमोहक पंथी नृत्य पेश किया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वक्ताओं ने बाबा जी के सात सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए नशा मुक्त और सादगीपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन संदीप जोशी ने किया। इस अवसर पर जागेश्वर कुर्रे, रोहित कोरे सहित मिनीमाता नवयुवक समिति के अध्यक्ष दीपक बघेल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मारकंडे, सचिव राज कपूर टंडन और समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन भव्य आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

