गुण्डरदेही।
बालोद जिला के ग्राम अंगारी में 76वाँ गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्ष, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह कार्यक्रम प्राथमिक शाला अंगारी परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम की कार्यवाहक सरपंच धनेश्वरी निषाद उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता किशन लाल साहू द्वारा की गई। वहीं विशेष अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच जागेश्वर पटेल, पंच गंगाधर साहू, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष सुग्रीव सिंहा एवं विजय सोन खुटिया के प्रतिनिधिगण मंचासीन रहे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने नृत्य, गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान, देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर समाजसेवी किशनलाल साहू द्वारा एक प्रेरणादायक पहल करते हुए प्राथमिक शाला के 40 विद्यार्थियों को स्कूल बैग भेंट किए गए। अपने उद्बोधन भाषण में उन्होंने भारतीय संविधान की विस्तृत जानकारी देते हुए संविधान के महत्व, अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधान अध्यापक द्वारा सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, शिक्षकों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात विधिवत रूप से कार्यक्रम का समापन किया गया।
ग्राम अंगारी में आयोजित यह गणतंत्र दिवस समारोह एकता, अनुशासन और देशभक्ति का सजीव उदाहरण बना, जिसने सभी उपस्थित जनों के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया।

