लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रत्येक सोमवार को टीएल की बैठक आयोजित होेने की जानकारी दी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने जिले के प्रत्येक विकासखण्डों के विभिन्न ग्रामों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में आम जनता से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। चंद्रवंशी आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। चंद्रवंशी ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रशासनिक अमले की उपस्थिति आम जनता के बीच सुनिश्चित कराकर उनके मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण करने हेतु जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुरूप जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का विशेष प्राथमिकता के साथ समुचित निराकरण अत्यंत आवश्यक है। चंद्रवंशी ने सभी विभाग प्रमुखों को जिला स्तरीय निवारण शिविर के आयोजन के पूर्व संबंधित क्षेत्र के आम नागरिकों से प्राप्त मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में चंद्रवंशी ने बताया कि कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आगामी सप्ताह से समय-सीमा की बैठक मंगलवार के स्थान पर अब प्रत्येक सोमवार को सुबह आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक के पश्चात् संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
चंद्रवंशी ने कहा कि राज्य शासन द्वारा सभी अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने-अपने विभाग एवं कार्यालयों के नस्तियों के निराकरण, विभागीय कार्यों की समीक्षा एवं आम जनता की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए है। जिसके फलस्वरूप जिला प्रशासन द्वारा साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक मंगलवार के स्थान पर प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जा रहा है। बैठक में वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में चंद्रवंशी ने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को विधानसभा प्रश्नों की जानकारी तत्काल प्रेषित करने तथा इसकी एक प्रति जिला कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रेषित करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के समय पर बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की।
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों में पहुँचने के पश्चात् सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के द्वारा जिले में आयोजित होने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिले में बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने जीएसटी रिटर्न अदायगी के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोई भी विभाग किसी भी स्थिति में जीएसटी रिटर्न को लंबित न रखे। बैठक में चंद्रवंशी ने जिले में मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों की क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चंद्रवंशी ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा के प्रकरणों का निराकरण अब ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा।
इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समुचित तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में चंद्रवंशी ने सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों से अपने-अपने अनुभागों के अस्पतालों में जीवनदीप समिति की बैठक के आयोजन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी चिकित्सालयों में जीवनदीप समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

