लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
जिला एवं सत्र न्यायालय बालोद में पदस्थ न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसबीआई सैलरी पैकेज के तहत दिए जाने वाले लाभ की जानकारी देने हेतु जिला न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता कक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में एसबीआई, मुख्य शाखा बालोद के मुख्य प्रबंधक गौरव भटनागर, क्षेत्रीय कार्यालय कांकेर के मुख्य प्रबंधक शैलेश पाटिल, मुख्य शाखा बालोद के क्षेत्र अधिकारी विशाल रहंगदाले तथा क्षेत्रीय कार्यालय कांकेर के क्षेत्र अधिकारी रूचिर कश्यप द्वारा एसबीआई सैलरी पैकेज की जानकारी देते हुये।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को आर्थिक लाभ प्रदान करने के उददेश्य से 22 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ सरकार और एसबीआई के मध्य एम.ओ.यू. में हस्ताक्षर किया गया, जो 04 जनवरी 2026 से प्रभावशील हो गया है। उक्त एम.ओ.यू. के तहत छत्तीसगढ़ राज्य सरकार अंतर्गत सेवारत् वे स्थायी कर्मचारी एवं अधिकारी पात्र है, जिनका सैलरी एकाउंट एसबीआई में संचालित है।
एस.बी.आई के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के अंतर्गत सेवारत् पात्र स्थायी अधिकारी एवं कर्मचारी को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर के तहत 01 करोड़, हवाई दुर्घटना बीमा कचर के तहत 1 करोड़ 60 लाख, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 01 करोड़, स्थायी आंशिक विकलांगता पर अधिकतम 01 करोड़, समूह जीवन बीमा के तहत 10 लाख रूपये निःशुल्क प्रदान किया जायेगा।
इन सभी सुविधाओं के लिये अधिकारियों-कर्मचारियों को कोई अतिरिक्त प्रीमियम नहीं देना होगा। इसके अलावा रूपे कार्ड के माध्यम से अतिरिक्त बीमा राशि भी निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। हेल्थ इंश्योरेंस में टॉप-अप रियायती दरों पर उपलब्ध रहेगा। एसबीआई रिश्ते खाते की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। योनो डिजिटल बैंकिंग एप तथा योनो यूपीआई के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बालोद श्याल लाल नवरत्न, प्रथम जिला न्यायाधीश किरण जांगडे, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्वेता उपाध्याय गौर, जिला न्यायाधीश पाक्सो कृष्ण सूर्यवंशी, जिला न्यायाधीश एफटीसी ताजुद्दीन आसिफ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोद संजय सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद भारती कुलदीप, प्रशासनिक अधिकारी उदेराम नेताम, लेखापाल सुजीत साहू सहित जिला न्यायालय, परिवार न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित थे।

