लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
*बालोद :-* स्थानीय शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर अध्यक्ष, जिला पंचायत बालोद उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्राकर तथा अन्य अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक राज्य गीत और सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टॉफ द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही वह नींव है जहाँ व्यक्ति के भविष्य और चरित्र का निर्माण होता है। मुझे खुशी है कि यह महाविद्यालय शिक्षा के साथ साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी जिले का नाम रोशन कर रहा है। बेटियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने की जरूरत है, शासन हर कदम पर आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। वार्षिकोत्सव के दौरान पूरे वर्ष आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
शैक्षणिक सत्र में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा लोक नृत्य, गायन और रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को नवाजा गया। इस दौरान कार्यक्रम में श्रीमती कांति सोनेश्वरी सभापति जिला पंचायत बालोद, अमित चोपड़ा अध्यक्ष जनभागीदारी समिति, डॉ जे के खलखो प्राचार्य, हरीश सांखला अध्यक्ष चेंबर ऑफ कॉमर्स, गोकुल ठाकुर पार्षद, नरेन्द्र सोनवानी, महाविद्यालय के समस्त स्टॉप गण एवं समस्त छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

