परस साहू
गुण्डरदेही।
बालोद जिले के ग्राम पंचायत ओरमा में आज एक महत्वपूर्ण विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। सभा का मुख्य विषय “हमारी जनगणना, हमारा विकास” रखा गया, जिसके माध्यम से जनगणना के महत्व और उससे जुड़े विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई।
ग्राम पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में क्षेत्र के प्रत्येक मकान का सर्वे कर आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी, जिससे भविष्य की योजनाओं का आधार तैयार होगा।
जनगणना का निर्धारित शेड्यूल इस प्रकार है:
* मकान सूचीकरण कार्य: 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक
* गणना कार्य: 1 मई से 30 मई 2026 तक
इस दौरान गांव के हर घर और परिवार से जुड़ी जानकारी एकत्रित की जाएगी, जिससे शासन को सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे।
सभा में डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, जनगणना मास्टर ट्रेनर विवेक धुर्वे एवं अरविंद यादव उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों में सरपंच मंजूलता साहू, पंचायत सचिव संतोष साहू, पंच सुदामा साहू, डोमार कुंभकार, ममता सोनकर, फग्नि निषाद मौजूद रहे। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश्वरी साहू एवं पेमिन साहू, मितानिन शतरूपा साहू और गुंजन साहू, पशु सखी बीना साहू, संतोषी साहू, राधा सोनकर, रोजगार सहायक नंदिनी सोनकर तथा कंप्यूटर ऑपरेटर अभिजीत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब जनगणना कर्मचारी घर-घर पहुंचें, तब सभी लोग पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार द्वारा विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं, इसलिए इसमें सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
इसी बैठक के दौरान पंचायती राज दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें स्थानीय स्वशासन की भूमिका और महत्व पर चर्चा की गई।
अंत में सरपंच मंजूलता साहू ने सभी ग्रामीणों से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सही जानकारी से ही ग्राम ओरमा का समग्र और योजनाबद्ध विकास संभव हो सकेगा।

