Skip to main content

PATRIKA24x7

*ग्राम सिलोदा में पारंपरिक मातर उत्सव धूमधाम से संपन्न, विधायक ललित चंद्राकर हुए शामिल।*

परस साहू बालोद

*फुड़हर देव एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद, कहा – मातर उत्सव हमारी लोकपरंपरा, सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है*

*सिलोदा, 12 नवंबर 2026 :* ग्राम सिलोदा में आयोजित पारंपरिक मातर उत्सव में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर शामिल हुए और उत्सव की खुशियों को ग्रामीणों के साथ साझा किया।

यादव समाज द्वारा आयोजित पारंपरिक मातर महोत्सव में विधायक जी ने फुड़हर देव एवं भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा और ग्रामीणों में उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक  ललित चंद्राकर  ने कहा कि मातर उत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व हमारी माटी की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

आगे चंद्राकर ने बताया मातर उत्सव छत्तीसगढ़ का अत्यंत प्राचीन और लोकप्रिय लोकपर्व है, जो दीपावली, गोवर्धन पूजा के बाद पांच दिनों तक मनाया जाता है। यह मुख्य रूप से यादव समाज का प्रमुख पर्व है, लेकिन इसमें पूरा गांव बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है।

इस उत्सव में गौ-वंश की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। गांव के ग्वाल-बाल सज-धज कर, नाचते-गाते हुए गौ-माता को गांव में भ्रमण कराते हैं। फुड़हर देव और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है। गौ-माता को गोवर्धन की परिक्रमा कराई जाती है और गौ-वंश को खिचड़ी खिलाई जाती है।

मातर के दौरान गांव-गांव में ठाकुर जोहरनी, गली भ्रमण, आतिशबाजी, लोकनृत्य और लोकगीतों की धूम रहती है। युवा गौ-वंश को दौड़ाते हैं, जिसे मातर दौड़ कहा जाता है। यह पर्व गौ-सेवा, प्रकृति के प्रति श्रद्धा, वीरता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।

मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर गौ-वंश और ग्वाल-बालों की रक्षा की थी, उसी स्मृति में यह उत्सव मनाया जाता है। यही कारण है कि मातर उत्सव छत्तीसगढ़ की पहचान और यादव समाज की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक माना जाता है।

इस अवसर पर सरपंच अनुसुइया साहू , पूर्व सरपंच नारायण साहू , यादव समाज प्रमुख गणेश यादव जीवन यादव सुरेश यादव नरेश पवार थनेंद्र सिंह पवार विनोद निषाद प्रकाश चंद निषाद राहुल यादव तुलसी यादव पूर्व सरपंच रिवेंद्र यादव उपसरपंच विजय यादव सहित यादव समाज के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!