Skip to main content

PATRIKA24x7

किसानों को पूरी आदान सहायता राशि देने की मुख्यमंत्री की घोषणा का राकेश यादव ने किया स्वागत, कहा- कम उत्पादन वाले किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ।

परस साहु बालोद

बालोद। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के जनसेवक राकेश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा धान किसानों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इससे विशेष रूप से उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी फसल का उत्पादन प्राकृतिक परिस्थितियों एवं अन्य कारणों से कम होता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि देने की घोषणा की है। इस निर्णय की विशेष बात यह है कि अब किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान बेचने की अनिवार्यता के कारण मिलने वाली सहायता से वंचित नहीं होना पड़ेगा। यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान भी बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के अंतर की राशि को जोड़कर उसे पूरी 13,839 रुपये की आदान सहायता का लाभ दिया जाएगा।राकेश यादव ने कहा कि इस फैसले से विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां भौगोलिक परिस्थितियों और कम कृषि उत्पादन के कारण कई किसान निर्धारित मात्रा में धान नहीं बेच पाते हैं।

अब ऐसे किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार निर्णय ले रही है। राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। यह व्यवस्था किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।राकेश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता की पूरी राशि देने का निर्णय प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे किसानों को खेती-किसानी के खर्चों को पूरा करने और आगामी कृषि कार्यों की तैयारी में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों के हित में लिए जाने वाले ऐसे निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!