परस साहू बालोद
अदम्य साहस, अद्वितीय वीरता और कर्तव्यपरायणता के लिए महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित दोर्रीठेमा निवासी वीर भोज राम साहू का गृह जिला बालोद आगमन पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। इस गौरवशाली उपलब्धि पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला बालोद सहित पूरे जिले के पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों में भारी उत्साह और गर्व का माहौल है।
मां गंगा मैया मंदिर प्रांगण में हुआ मुख्य स्वागत
वीर भोज राम साहू के सम्मान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला बालोद द्वारा झलमला स्थित प्रसिद्ध मां गंगा मैया मंदिर के प्रांगण में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यहाँ उपस्थित पूर्व सैनिकों ने अपने जांबाज साथी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया और कहा कि यह सम्मान पूरे बालोद जिले और छत्तीसगढ़ के हर सैनिक को गौरवान्वित करने वाला है। रास्ते भर उमड़ा जनसैलाब, निकाली गई बाइक रैली झलमला में स्वागत के उपरांत जब वीर भोज राम साहू अपने गृह ग्राम के लिए रवाना हुए, तो रास्ते में घोटिया, पटेली और भर्रीटोला के ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। गृह ग्राम पहुंचने पर ग्रामीणों के उत्साह का ठिकाना नहीं रहा; वहाँ युवाओं द्वारा एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान भारत माता की जय और वीर जवानों के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
मंचीय कार्यक्रम में जुटे दिग्गज आयोजित मुख्य मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख और साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू शामिल हुए। सभी अतिथियों ने वीर भोज राम साहू की वीरता की सराहना करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ का गौरव बताया।
पूर्व सैनिक परिषद के पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के छत्तीसगढ़ प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेन्द्र डड़सेना, जिला बालोद अध्यक्ष नंद किशोर साहू, सचिव इंद्रसेन सिन्हा, मीडिया प्रभारी परमेश्वर देवहरी और सह सचिव कोमल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही पूर्व सैनिक बिष्णु साहू, ताम्रध्वज सिन्हा, रोशन साहू, भूपेन्द्र साहू, देव प्रसाद साहू, सोमन साहू सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण जन और मातृशक्ति उपस्थित रहे।

