परस साहू बालोद
बालोद। बालोद मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मेड़की के युवा गजेन्द्र साहू ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अग्निवीर भर्ती में चयनित होने के बाद गजेन्द्र अब तेलंगाना के सिकंदराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
गजेन्द्र कुमार साहू, पिता वेदराम साहू एवं माता रुखमणी बाई साहू के पुत्र हैं। उनका जन्म 16 दिसंबर 2004 को हुआ था। बचपन से ही अनुशासित और मेहनती रहे गजेन्द्र ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार कठिन परिश्रम किया, जिसका परिणाम आज पूरे गांव के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।
गजेन्द्र के अग्निवीर में चयन होने की जानकारी मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। माता रुखमणी बाई ने बताया कि उनके बेटे ने हमेशा देश सेवा का सपना देखा था और उसी उद्देश्य को लेकर उसने लगातार मेहनत की। आज उसका चयन पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजूलता साहू ने गजेन्द्र कुमार साहू का पुष्पगुच्छ, फूलमाला एवं गुलाब का पौधा भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सरपंच ने कहा कि गजेन्द्र की सफलता गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुलाब अपनी सुगंध और सुंदरता से सभी को आकर्षित करता है, उसी प्रकार गजेन्द्र भी अपने कार्यों और उपलब्धियों से परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि अग्निवीर में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे ग्राम मेड़की के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता बताती है कि ग्रामीण अंचल के युवा भी मेहनत और लगन के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
सरपंच मंजुलता साहू और ग्रामीण समाज साहू के अध्यक्ष मनोहर साहू, दादा जी तुलसी राम साहू ,दादी गिरजा बाई साहू, और बड़ी संख्या मे परिवार के सदस्य ने गजेन्द्र साहू को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रशिक्षण एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे देश सेवा के साथ-साथ अपने क्षेत्र का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

