परस साहू बालोद
मैनपुर (गरियाबंद)। गरियाबंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को 102.750 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 54.99 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें 51.37 लाख रुपये का गांजा, एक डस्टर कार और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। यह कार्रवाई 7 जुलाई को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि देवभोग रोड से एक सफेद डस्टर कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरियाबहरा तिराहा के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश
कुछ देर बाद संदिग्ध डस्टर कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरिकेड लगाकर वाहन को रोक लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिला 102.750 किलो गांजा
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के निवासी के रूप में बताई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन मालवीय (20 वर्ष) और अभिषेक महेस्कर (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ईछावर थाना क्षेत्र, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं।
55 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 102.750 किलो गांजा (अनुमानित कीमत 51.37 लाख रुपये), एक डस्टर कार (करीब 3.50 लाख रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (करीब 11,500 रुपये) जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 54.99 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

