परस साहू बालोद
बालोद। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई, शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित इस रेलवे स्टेशन से अब यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 50 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य में छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशन शामिल हैं। इसी क्रम में तांदुला नदी के तट पर स्थित बालोद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर नया कॉन्कोर्स भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, बेहतर प्रवेश व्यवस्था, आकर्षक प्रतीक्षालय, आधुनिक यात्री सुविधाएं तथा स्थानीय संस्कृति और विरासत को दर्शाने वाली सुंदर भित्ति चित्रों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और यात्रा को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाना है। अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के आधुनिकीकरण से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
शुक्रवार को आयोजित होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के विभिन्न पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का एक साथ वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। बालोद रेलवे स्टेशन भी इसी ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा

