लीलाधार साहू गुण्डरदेही।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुण्डरदेही में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत “मेरा युवा भारत – स्वच्छता पखवाड़ा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाना और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष ममता निषाद, प्राचार्य कोमल कुल्हारे, बब्बू राजपूत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विजय सोनकर ने कहा कि “आज का युवा ही कल का भारत है। प्रधानमंत्री जी का सपना है ‘युवा भारत – विकसित भारत’। यह सपना तभी साकार होगा जब हमारे युवा अनुशासित, शिक्षित और स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे। स्वच्छता से ही स्वास्थ्य आता है और स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की नींव रख सकते हैं।
आप सभी स्कूल से ही स्वच्छता की शुरुआत करें। अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखें। प्लास्टिक का उपयोग बंद करें और कचरे को कचरा पेटी में डालें। याद रखें, एक साफ भारत ही एक सशक्त और विकसित भारत है। आप सभी युवा देश के कर्णधार हैं, आप ठान लें तो देश की तस्वीर बदल सकती है।”
प्राचार्य कोमल कुल्हारे ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और देश सेवा की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्कूली बच्चों ने मिलकर स्कूल परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी शिक्षक ने छात्राओं को स्वच्छ भारत मिशन और प्लास्टिक मुक्त अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने स्वच्छता की शपथ ली।

