परस साहू बालोद
चिखलाकसा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला स्वास्थ्य समिति बालोद एवं बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा में नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बालोद डॉ. जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
शिविर में बालको मेडिकल सेंटर की डॉ. हेमलता सिंह द्वारा मुंह, स्तन एवं गर्भाशय के कैंसर के संभावित मरीजों की जांच की गई। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं मरीजों को कैंसर के संभावित लक्षणों के संबंध में जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि स्तन में गांठ या असामान्य उभार, आवाज में भारीपन, निगलने में कठिनाई, लंबे समय तक ठीक न होने वाले छाले, बार-बार बुखार आना, रक्त संबंधी समस्याएं, त्वचा में बदलाव, बिना कारण वजन कम होना, मल एवं मूत्र त्यागने की आदत में बदलाव, मासिक धर्म में असामान्यता तथा पेट के निचले हिस्से में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
शिविर में कुल 52 लोगों की जांच की गई। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डौंडी डॉ. विजय ठाकुर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चिखलाकसा डॉ. निधि राम, सुपरवाइजर रेखू राम साहू, सोहन लाल मेरिया सहित सेक्टर दल्ली राजहरा एवं सेक्टर चिखलाकसा के स्वास्थ्य कर्मचारी, बालको अस्पताल की टीम तथा मितानिनगण उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

