Skip to main content

PATRIKA24x7

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध वनोपज परिवहन करते 4 वाहन पकड़े, दल्ली राजहरा डिपो में किया गया जब्त।

परस साहू बालोद

बालोद। वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को पकड़कर जब्त किया है। सभी जब्त वाहनों एवं वनोपज को दल्लीराजहरा डिपो लाया गया है, जहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे गश्त के दौरान टेमाबुर्ज से पचेड़ा मुख्य मार्ग पर एक नग माजदा 1109 वाहन को अवैध रूप से वनोपज का परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर दल्लीराजहरा डिपो लाया गया।

इसके बाद रात्रि गश्त के दौरान पटेली से घोटिया मार्ग पर करीब रात 1:30 बजे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। इन वाहनों में आम, सेनहा एवं नीम प्रजाति के लट्ठों का अवैध परिवहन किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने तीनों ट्रैक्टरों सहित वनोपज को जब्त कर दल्लीराजहरा डिपो पहुंचाया।

अवैध परिवहन पर वन विभाग की पैनी नजर

चारों वाहनों के खिलाफ वन विभाग द्वारा विधिवत कार्रवाई की जा रही है। रात्रि गश्त के दौरान हुई इस कार्रवाई से अवैध वनोपज परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी दल्लीराजहरा संतोष ठाकुर, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी युगल किशोर सोनबोईर, परिसर रक्षक दल्लीराजहरा रविशंकर, परिसर रक्षक कौंडेकसा रणवीर नायक तथा परिसर रक्षक पटेली प्रेमलाल कुंजाम की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!