परस साहू बालोद
बालोद। बघमरा निवासी लीलाधर यादव (लगभग 45 वर्ष), पिता रामू यादव की बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना करीब दोपहर 1:30 बजे रेलवे गार्डर के ऊपर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मिली जानकारी के अनुसार लीलाधर यादव प्रतिदिन की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले उनकी पत्नी ने उन्हें रेलवे पटरी पर देखा और उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए आसपास के लोगों को आवाज लगाई, लेकिन तब तक हादसा हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस एवं बालोद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

