Skip to main content

PATRIKA24x7

देवरी (ख) में 26वां शहादत दिवस समारोह संपन्न, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद को दी श्रद्धांजलि।

परस साहू बालोद

अण्डा। ग्राम देवरी (ख) में कारगिल युद्ध के दौरान मातृभूमि एवं भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद की 26वीं शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को श्रद्धांजलि एवं शहादत समारोह का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम में शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ शहीद का सम्मान किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि ललित चंद्राकर, उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग एवं राज्य मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन ने अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवान और उनके परिवार पूरे देश के लिए सम्मान और गौरव के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि भारत देश के सभी शहीद परिवारों को नमन है और शहीद परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीद दुर्वासा लाल निषाद ने अपने गांव और परिवार का नाम रोशन किया है। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने मातृभूमि एवं भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनकी वीरता, साहस और देशभक्ति सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। विधायक ने कहा कि अमर शहीद ने देश की सेवा करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग केवल देवरी गांव ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने शहीद परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे परिवारों के त्याग को समाज हमेशा याद रखेगा।

शहीद परिवार एवं बच्चों का सम्मान समारोह के दौरान अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद के परिजनों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। शहीद के पिता मुनीलाल निषाद एवं माता बोधनी बाई निषाद सहित परिवार के सदस्यों का सम्मान कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इसके साथ ही स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों के सम्मान से समारोह में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

गांव के विकास की मांग, विधायक ने दिया आश्वासन
समारोह के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से गांव के विकास से संबंधित विभिन्न मांगें भी अतिथियों के समक्ष रखी गईं। सरपंच कुसुम प्रमोद देशमुख एवं सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद देशमुख ने गांव में आवश्यक विकास कार्यों के साथ सतनामी समाज के जैतखाम के सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्यों की मांग रखी। विधायक कुंवर सिंह निषाद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गांव के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवरी (ख) के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन शहादत दिवस समारोह के अवसर पर सिद्धिविनायक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम द्वारा ग्रामीणों का सामान्य चिकित्सा परीक्षण, बीपी एवं बीएमआई की जांच की गई। वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. हर्षिता तिवारी ने दंत जांच कर लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

कार्यक्रम में तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, अध्यक्ष जिला पंचायत बालोद, विरेन्द्र साहू, बालमुकुंद देवांगन, पूर्व विधायक गुंडरदेही, कांति सोनेश्वरी, सदस्य जिला पंचायत बालोद, पुरुषोत्तम चंद्राकर, अध्यक्ष जनपद पंचायत गुंडरदेही, कुलदीप साहू, अध्यक्ष भाजपा मंडल ओटेबंद सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, शहीद परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

इसके अलावा डॉ. परदेशीराम वर्मा, राजेन्द्र निषाद, डॉ. घनश्याम निषाद, हरप्रीत सिंह, विजय सिंह, बद्री प्रसाद पारकर, डॉ. सोनाली गुप्ता, नंदकिशोर साहू, आर.आर. वाणी, पवन निषाद एवं एन.के. राठी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। शहादत दिवस समारोह में पूरे गांव में देशभक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। ग्रामीणों ने अमर शहीद दुर्वासा लाल निषाद के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। कार्यक्रम ने युवाओं और स्कूली बच्चों को राष्ट्रप्रेम, देशसेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!