परस साहू गुण्डरदेही।
जिले के ग्राम पंचायत बोडेना में आज आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 के नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू शामिल हुई। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के 14 नन्हे बच्चों को ईसीसीई (ECCE) किट एवं ताजे फलों का वितरण कर केंद्र की शैक्षणिक व पोषण गतिविधियों की शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं का शिक्षित और आत्मनिर्भर होना पूरे परिवार व समाज के उत्थान की पहली शर्त है। उन्होंने माताओं और बहनों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखें और उनका भरपूर लाभ उठाएं। साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों के सर्वांगीण विकास व सुपोषण के लिए उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पालिका बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जनपद सदस्य गुण्डरदेही टुकेश्वरी साहू, ग्राम पंचायत बोडेना की सरपंच प्रेमी तलाम, क्रान्तिभूषण साहू, धनाराम साहू, लक्ष्मी साहू तथा कांति साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए ग्राम स्तर पर महिला एवं बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार गुण्डरदेही अल्पा साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी खलेश्वरी नाग तथा संरक्षण अधिकारी हितेश्वरी मेश्राम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बोडेना के सभी वार्ड पंच, सेक्टर पर्यवेक्षक रीना लहरे, तामेश्वरी भुवार्य, टिकेश्वर भुवार्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।
–00–

