परस साहू बालोद
*गुण्डरदेही।* तीज पर्व की खुशियों के बीच बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ग्राम झोपरा में पानी से भरे कम्पोस्ट गड्ढे में गिरने से ढाई साल के मासूम बच्चे की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक बच्चे की पहचान रुद्राक्ष नेटी, उम्र ढाई वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर के आंगन के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से कुछ दूरी पर बने घुरवा (कम्पोस्ट पिट) में जा गिरा। गड्ढे में बरसात का पानी भरा हुआ था, जिससे बाहर न निकल पाने के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा गांव के ही एक ग्रामीण की घोर लापरवाही के कारण हुआ है।
उक्त ग्रामीण द्वारा बिना किसी सुरक्षा घेराव के घर के पास ही गहरा गड्ढा खोद दिया गया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार उससे गड्ढे को ढकने या चारों तरफ बाड़ी लगाने का आग्रह किया था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से लापरवाह ग्रामीण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर रनचिरई पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

