परस साहू बालोद
धर्मप्रेमी संस्था की पहल पर तीज पर्व में उमड़ा उत्साह, करीब 350 माताओं-बहनों ने एक साथ ग्रहण किया कुरुभात
भेण्डरा। ग्राम पंचायत भेण्डरा में पारंपरिक तीज पर्व के अवसर पर धर्मप्रेमी संस्था के आयोजन में रविवार को प्रथम वर्ष सामूहिक कुरुभात (उरला भात) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 350 माताओं एवं बहनों ने एक साथ बैठकर कुरुभात ग्रहण किया। इसके बाद माताओं एवं बहनों ने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ तीज व्रत धारण किया।
सामूहिक कुरुभात के साथ कार्यक्रम में कुर्सी दौड़ एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीणों ने जमकर आनंद लिया और पारंपरिक तीज पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
विजेताओं को मिला पुरस्कार
कुर्सी दौड़ एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 300 रुपये एवं 200 रुपये की पुरस्कार राशि ग्राम पंचायत सरपंच तरुण कुमार खुटेल द्वारा प्रदान की गई।
कुर्सी दौड़ में प्रथम विजेता रिफ्लेवरी धनकर एवं द्वितीय ओमकुमारी झाड़ू रहीं।
वहीं मटका फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम विजेता मेमकुमारी साई एवं द्वितीय भिपिका मारवाड़ रहीं।
आने वाले वर्षों में और भव्य आयोजन का संकल्प
कार्यक्रम में धर्मप्रेमी संस्था के सुबेलचंद साहू,. शिवशंकर साहू, लिपिका की सेवाड़ा, उमाशंकर साहू, उत्तरा गायकवाड़, कमलेश्वरी गायकवाड़, गंगाराम सिरमौर, रामवेद साहू, सरपंच माधुरी साई, पंच सोनी साहू, पूर्णिमा साहू, बबीता साहू, हेबीन कोसरे, बस्ती कोसरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अलखराम साई ने कहा कि तीज पर्व छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और नारीशक्ति का प्रतीक है। यह पर्व माताओं और बहनों को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ खुशियां मनाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीज कुरुभात कार्यक्रम को और भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

