परस साहू बालोद
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन 17 सितंबर 2026 को शाम 6.30 बजे से 7.30 बजे तक स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम, गंजपारा बालोद में किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को दोहराया जाएगा।
सीईओ जिला पंचायत सुनील ने तैयारियों का लिया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीईओ जिला पंचायत सुनील
ने स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम पहुंचकर कार्यस्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए मॉकड्रिल का भी आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के माध्यम से कार्यक्रम के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों का पूर्वाभ्यास किया गया, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
जनभागीदारी से मजबूत होगा सेवा संकल्प
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना और प्रत्येक परिवार की सहभागिता के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों में जिले के समस्त व्यायाम शिक्षक, विकासखंड बालोद के नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों के शिक्षक, जिले के सभी विद्यालयों के लिपिक एवं भृत्य तथा रेडक्रॉस, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), स्काउट-गाइड और इको क्लब से जुड़े प्रभारी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित विद्यालयों को कार्यक्रम में निर्धारित समय पर आवश्यक तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मॉकड्रिल के माध्यम से सभी संबंधितों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
विकसित भारत 2047 के संकल्प में होगी जनभागीदारी
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिले में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनभागीदारी, जनसेवा के प्रति सम्मान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेवासी एकजुट होकर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लेंगे। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

