परस साहू बालोद
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत कांकेर जिले में आयोजित भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) स्पर्धा में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं। उल्लेखनीय है कि 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका संवर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अंचल को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के 17-19 वर्ष आयु वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चंचल रावटे, नोवल दास साहू एवं चंद्रहासिनी पाटिल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया, वहीं तृप्ति जमुलकर ने कड़े मुकाबले में रजत पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों के इस शानदार उपलब्धि के लिए अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने संयुक्त जिला कार्यालय में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

