परस साहू बालोद
*गुण्डरदेही, बालोद।* देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विकासखंड गुण्डरदेही के ग्राम पंचायत कुथरेल एवं आश्रित ग्राम मासुल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के लिए आशीर्वाद का दीया जलाया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें, लखपति दीदी, स्व सहायता समूह की महिलाएं, भाजपा के बूथ अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उत्साह के साथ शामिल हुए।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी के लिए आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित किया और उनके नेतृत्व की सराहना की। उपस्थित जनसमुदाय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकास के नए आयाम दिए हैं और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे सच्चे अर्थों में विकास पुरुष हैं।
इसके पश्चात ग्रामीणों द्वारा केक काटकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन का जश्न मनाया गया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान भारत माता की जय और प्रधानमंत्री मोदी जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री के बताए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

