Skip to main content

PATRIKA24x7

शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता, आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाएं युवा: सांसद भोजराज नाग।

परस साहू बालोद

जिला स्तरीय ’मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह’ का आयोजन आज जिले के आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में सांसद भोजराज नाग ने शिक्षा और शिक्षकों के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को ईश्वर तुल्य दर्जा दिया गया है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में उच्च संस्कारों का सिंचन कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के योग्य बनाते हैं।

शासकीय योजनाओं और राष्ट्र निर्माण पर बल

सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए ’मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण’ जैसी योजनाएं संचालित कर रही है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ’आत्मनिर्भर भारत’ और ’स्वच्छ भारत अभियान’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में हर नागरिक की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने आह्वान किया कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को एक होकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
युवाओं को दी सही दिशा चुनने की प्रेरणा

आधुनिक तकनीक के प्रभाव पर चर्चा करते हुए सांसद नाग ने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया और इंटरनेट पर कई भ्रामक जानकारियां उपलब्ध हैं। ऐसे समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे युवाओं को हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति, वेदों, रामायण और महाभारत के नैतिक मूल्यों से जोड़े रखें। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी , वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक विरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू सहित  राकेश (छोटू) यादव, वैभव राखेचा उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बालोद जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की पथ पर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे के अलावा अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि ’मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह’ में आज जिले के 02 राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, 02 राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक, 03 ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, जिले के पांचों विकासखंडों से चयनित 15 शिक्षक दूत एवं संकुल स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले 173 शिक्षकों को शॉल, श्रीफल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!