परस साहू बालोद
बालोद. जिले में विद्युत विभाग की एक कार्रवाई से गांवों की राजनीति गरमा गई है। जिले भर की लगभग 30 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन और नल-जल योजना के बिजली कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए गए हैं। इससे नाराज बालोद ब्लॉक के सरपंचों ने बुधवार को रिमझिम बारिश के बीच जनपद पंचायत से लेकर विद्युत कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोश इतना था कि सरपंचों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़ दिया और विद्युत कार्यालय परिसर में घुस गए।
मिली जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग ने पिछले दो दिनों में जिले की कई पंचायतों में बकाया बिल के नाम पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की थी। गुंडरदेही ब्लॉक के गोड़ेला, रौना, सिर्री, भेंड्रा, माहुद-अ, भरदाकला, देवगहन, बोरगहन, सिब्दी, रेंहची, परसतरई, देवरी, डंगनिया, मटिया, गुरेदा, मोहंदा, सिरसिदा और बालोद ब्लॉक के खुर्सीपार, दरबारीनवागांव, पड़कीभाट, खपरी सहित करीब 30 पंचायतों में बिजली काट दी गई। इससे पंचायत भवनों में अंधेरा छा गया और सबसे ज्यादा असर नल-जल योजना पर पड़ा। कई गांवों में दो दिनों से पानी की सप्लाई ठप है।
बारिश में पैदल मार्च, फिर हंगामा
इस कार्रवाई के विरोध में बुधवार सुबह बालोद ब्लॉक के सभी सरपंच जनपद पंचायत में एकत्र हुए। वहां बैठक के बाद सभी ने एकजुट होकर विद्युत कार्यालय तक पैदल मार्च किया। पूरे रास्ते शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। विद्युत कार्यालय पहुंचने के बाद भी नारेबाजी जारी रही।
सरपंचों ने कार्यपालन अभियंता को मौके पर बुलाने की मांग की। लेकिन अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इससे सरपंचों का गुस्सा और भड़क गया। पुलिस ने कार्यालय के बाहर बैरिकेड लगा रखे थे, जिन्हें गुस्साए सरपंचों ने धक्का देकर तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने कार्यालय का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया।
अफसरों ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार संध्या नामदेव और बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सरपंचों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन सरपंच अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक कटे हुए सभी कनेक्शन नहीं जोड़े जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे और नोकझोंक के बाद विद्युत विभाग के सहायक अभियंता पी.आर. ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरपंचों से बात की और आश्वासन दिया कि सभी ग्राम पंचायतों के कटे हुए कनेक्शन तुरंत जोड़ दिए गए हैं और भविष्य में बिना सूचना के किसी भी पंचायत की बिजली नहीं काटी जाएगी। इस आश्वासन के बाद सरपंचों ने आंदोलन समाप्त किया।
सरपंचों ने कहा – 2016 के आदेश का उल्लंघन
बालोद ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष कृष्णा साहू ने कहा कि साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्पष्ट आदेश जारी किया था कि किसी भी ग्राम पंचायत की बिजली नहीं काटी जाएगी। इस आदेश के बाद से आज तक किसी भी पंचायत की बिजली नहीं काटी गई थी। अगस्त 2026 तक सब सामान्य था, लेकिन अब अचानक विभाग को बकाया याद आ गया। वह भी बिना किसी नोटिस के।
जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू ने इसे शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग की दादागिरी बताया। उन्होंने कहा कि हमें सरपंच बने हुए अभी एक साल भी नहीं हुआ है। हमें यह तक नहीं पता कि पिछली पंचायत के कार्यकाल का कितना बिल बकाया है। अगर बिल वसूलना ही था तो पहले नोटिस देना चाहिए था। यह तरीका गलत है। अगर यही रवैया रहा तो हम पूरे जिले के 400 से ज्यादा सरपंचों को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
पड़कीभाट के सरपंच नुपेंद्र यादव ने कहा कि साल 2016 के बाद से विभाग सोया हुआ था और अब अचानक जागा है। हम ग्रामीणों को क्या जवाब दें। गांव वाले हमसे पूछ रहे हैं कि पानी क्यों नहीं आ रहा है। हम किस-किस को जवाब दें।
विभाग ने कहा – कनेक्शन जोड़ दिए
इस पूरे मामले पर सहायक अभियंता पी.आर. ठाकुर ने बताया कि सरपंचों ने ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांगों को सुन लिया गया है। जहां-जहां कनेक्शन काटे गए थे, उन्हें पुनः जोड़ दिया गया है। भविष्य में किसी भी पंचायत का कनेक्शन काटने से पहले नियमानुसार सूचना दी जाएगी।
