परस साहु बालोद
बालोद। जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेंड़की में 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजुलता साहू के मार्गदर्शन में जय मां कर्मा स्व सहायता समूह एवं स्वच्छता समिति द्वारा गांव के सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
सेवा पखवाड़ा के तहत 1 अक्टूबर को ग्राम पंचायत मुख्यालय में पंचायत सचिव द्वारा स्वच्छता का संदेश देते हुए आमजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद 2 अक्टूबर को आश्रित ग्राम मेंड़की में स्वच्छता समिति ने कचरा कलेक्शन के साथ स्वच्छता अभियान चलाया।
समिति द्वारा ग्रामीणों से घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्र कर स्वच्छता ई-रिक्शा के माध्यम से कचरा संग्रहण केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठाई गई। अभियान के दौरान लोगों को अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सरपंच मंजुलता साहू ने कहा कि गांव को स्वच्छ रखेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान में लगातार सहयोग करने और घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर देने की अपील की।
