परस साहू बालोद
बालोद (छ.ग.)। नगर के महामाया रंगमंच, नयापारा बालोद में पितृपक्ष नवमी एवं दशमी के पावन अवसर पर 36वीं दो दिवसीय रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। रामधुनी प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 04 अक्टूबर, रविवार को प्रातः 10 बजे हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता दुष्यंत (लाले) शर्मा ने की।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन आज 05 अक्टूबर, सोमवार को रात्रि 08 बजे होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी करेंगे।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में S.D.O. लोकेश सोनबरसा, उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. डी.के. सिंहारे, सेवानिवृत्त रेंजर दशरथ लाल कलिहारी सहित नयापारा के समस्त निवासी एवं नगरवासी उपस्थित रहेंगे।
12 वर्षों से रामधुनी में सेवा दे रही महिला कमांडो
नयापारा की 36वीं रामधुनी प्रतियोगिता में महिला कमांडो की समाजसेवा भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। महिला कमांडो समिति द्वारा पिछले 12 वर्षों से लगातार रामधुनी प्रतियोगिता में भोजन एवं भंडारा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई जा रही है।
महिला कमांडो की टीम द्वारा रामधुनी प्रतियोगिता में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों एवं कार्यक्रम से जुड़े लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है। वर्षों से लगातार की जा रही इस सेवा को लेकर समिति के सदस्यों की सराहना की जा रही है।
इस सेवा कार्य में खेदी भाई साहू, जमुना बाई साहू, बुधियारिन साहू, कमला साहू, कमला मांडवी, अहिल्या यादव, यशोदा साहू, उर्मिला साहू, मान भाई साहू एवं पुनिया ठाकुर सहित महिला कमांडो समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रामधुनी प्रतियोगिता जहां पिछले 36 वर्षों से नयापारा के महामाया रंगमंच पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है, वहीं महिला कमांडो द्वारा पिछले 12 वर्षों से की जा रही भोजन एवं भंडारा सेवा इस आयोजन में समाजसेवा की एक अलग मिसाल पेश कर रही है।
