परस साहु बालोद
बालोद जिले की गुंडरदेही तहसील में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा 15 सितंबर 2026 को जिला बदर (तड़ीपार) घोषित किए जाने के बावजूद आदतन अपराधी युवराज तंबोली बेखौफ होकर खुलेआम गुंडरदेही शहर में घूम रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी शासकीय दफ्तरों में पहुंचकर गुंडागर्दी और मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा है, लेकिन पुलिस-प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
*कलेक्टर का आदेश दरकिनार, रजिस्ट्री ऑफिस में गुंडागर्दी*
जानकारी के अनुसार, युवराज तंबोली के खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड और असामाजिक गतिविधियों को देखते हुए कलेक्टर मैडम ने 15/09/2026 को उसे जिले की सीमाओं से बाहर (जिला बदर) करने का कड़ा आदेश जारी किया था। इसके बावजूद वह बेधड़क क्षेत्र में मौजूद है। हाल ही में आरोपी ने शासकीय रजिस्ट्री ऑफिस में घुसकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारी, आम नागरिक और कर्मचारी खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।
*नगर पंचायत अध्यक्ष पर अभद्र टिप्पणी और सोशल मीडिया के जरिए प्रताड़ना*
युवराज तंबोली का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। वह रोजाना यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाकर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी, निजी टिप्पणियां और झूठे आरोप लगा रहा है। सोशल मीडिया को हथियार बनाकर वह जनप्रतिनिधियों के व्यक्तित्व पर हमला कर रहा है और खुलेआम धमकियां देकर प्रताड़ित कर रहा है।
*22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज, फिर भी पुलिस की मेहरबानी क्यों?*
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि युवराज तंबोली एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत 22 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इन मामलों में:
शराब की अवैध तस्करी और बिक्री
जुआ-सट्टा संचालन में संलिप्तता
420 (धोखाधड़ी) और मारपीट के संगीन मामले
इतने गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड और जिला बदर का स्पष्ट आदेश होने के बाद भी पुलिस की ढिलाई समझ से परे है।
*जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को घेरा: ‘आखिर कार्रवाई से कौन रोक रहा है?’*
पुलिस की अकर्मण्यता से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सीधे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं:
जब कलेक्टर द्वारा जिला बदर का आदेश 15 सितंबर को जारी हो चुका है, तो आरोपी आज तक खुलेआम कैसे घूम रहा है?
22 संगीन आपराधिक मुकदमों के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार कर तड़ीपार तामील कराने में नाकाम क्यों है?
*सरकारी दफ्तर में मारपीट और जनप्रतिनिधियों को खुलेआम प्रताड़ित करने वाले पर किसका संरक्षण है?*
स्थानीय जनप्रतिनिधियों नागरिकों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेकर जिला बदर आरोपी युवराज तंबोली को गिरफ्तार कर जिले से बाहर नहीं खदेड़ा, तो वे उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
