Skip to main content

PATRIKA24x7

सेवा संकल्प अभियान जब कर्मभूमि पर मिला सम्मान, खिल उठा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश्वरी का चेहरा।

परस साहु बालोद

‘आंगन मिलन सेवा’ से बदला परिदृश्य
पोषण जागरूकता, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों ने बांधा समां।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का माध्यम बन रहा है। शासन की इस अभिनव पहल के तहत समाज के पोषण और स्वास्थ्य की नींव मजबूत करने वाली कार्यकर्ताओं को उन्हीं के कार्यक्षेत्र में सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा जा रहा है। इसी कड़ी में बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत ओरमा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम ने एक प्रेरक सफलता की इबारत लिखी है।

कार्यस्थल पर मिला आत्मीय सम्मान, बढ़ी जिम्मेदारी की भावना

ग्राम पंचायत ओरमा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश्वरी साहू ने भावुक और प्रसन्नचित्त होकर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जमीनी स्तर पर सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं को ऐसा मंच और सम्मान आसानी से नहीं मिलता। किंतु जब अपनी ही कर्मभूमि पर समुदाय, अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच सम्मान मिलता है, तो दिल को असीम खुशी और गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि इस सम्मान ने उनके भीतर बच्चों और माताओं की सेवा और निष्ठा से करने का उत्साह दोगुना कर दिया है।

पोषण परामर्श से लेकर खेलकूद और सांस्कृतिक उत्सव तक

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक द्वारा उपस्थित ग्रामीण माताओं और बहनों को पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन तथा छोटे बच्चों के सही खान-पान व उचित लालन-पालन के संबंध में वैज्ञानिक जानकारी दी गई। आयोजन में ग्रामीणों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं ग्रामीण महिलाओं के लिए मटका फोड़, बिंदी लगाओ प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ जैसे पारंपरिक मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे केंद्र को उत्सव के माहौल में तब्दील कर दिया।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति प्रकट किया आभार

 कमलेश्वरी साहू ने अभियान की सफलता और कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देने वाली इस संवेदनशील पहल के लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ ने न केवल शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है, बल्कि सुदूर गांवों में सेवा दे रहे मैदानी अमले के आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!