परस साहु बालोद
साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागीय प्रगति की समीक्षा, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने पर दिया गया जो।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन के मंशानुरूप जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों तथा विभागीय प्राथमिकताओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय, पूर्ण निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के निर्देश दिए।
विभागीय गतिविधियों एवं शिविरों की प्रगति की समीक्षा
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत सेवा ज्योति संकल्प यात्रा, एक राष्ट्र-एक रंग के आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सेवा सेतु शिविर’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’ की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्लस्टर स्तर पर आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर बल
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपनी योजनाओं से जुड़ी अद्यतन जानकारियां व्यवस्थित रखें और आगामी शिविरों का ग्रामीण अंचलों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जिले ने पूर्ववर्ती आयोजनों में उत्कृष्ट कार्य कर सकारात्मक परिणाम दिए हैं, उसी टीम भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान को भी जन-आंदोलन का रूप देकर सफलता के नए आयाम स्थापित करें। इसके साथ ही उन्होंने जनदर्शन एवं समय-सीमा के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
