Skip to main content

PATRIKA24x7

BIG BREAKING NEWS साहू समाज की बेटी पर तेजाब हमले से आक्रोश, तहसील साहू संघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन; दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

परस साहु बालोद

बालोद। 5 अक्टूबर 2026 को 22 वर्षीय युवती पर हुए तेजाब हमले की घटना को लेकर तहसील साहू संघ बालोद ने गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा है। संघ ने घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में साहू संघ ने कहा कि तेजाब हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका उपचार जारी है। संघ ने घटना को महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की।

CCTV और मोबाइल रिकॉर्ड समेत साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

तहसील साहू संघ ने मांग की है कि मामले में BNS की धारा 124 सहित घटना के तथ्यों के अनुसार हत्या के प्रयास एवं अन्य लागू धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में CCTV फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल और FSL साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा तेजाब की खरीद, उपलब्धता और घटना में इस्तेमाल तेजाब के स्रोत की भी जांच करने की मांग रखी गई है।

पीड़िता के इलाज और सुरक्षा की मांग

संघ ने पीड़िता और उसके परिवार को पूर्ण सुरक्षा देने, किसी भी तरह की धमकी या दबाव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़िता के संपूर्ण इलाज, पुनर्वास और नियमानुसार पीड़ित क्षतिपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इसके अलावा मामले की त्वरित विवेचना कर जल्द चालान प्रस्तुत करने और न्यायालय में प्रभावी पैरवी की मांग भी ज्ञापन में की गई है।

तहसील साहू संघ ने दोषियों को कानून के तहत उपलब्ध कठोरतम दंड दिलाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने का संदेश जाए।

ज्ञापन 6 अक्टूबर 2026 को बालोद में पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा गया। संघ ने मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!