Skip to main content

PATRIKA24x7

डिजिटल क्रॉप सर्वे में बालोद जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम, 98.95 प्रतिशत कार्य पूर्ण 750905 खसरों का डिजिटल फसल सर्वेक्षण पूरा।

परस साहु बालोद

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डिजिटल फसल सर्वेक्षण) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बालोद जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले में कुल 7,58,833 खसरों में से 7,50,905 खसरों का डिजिटल फसल सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया गया है। इस तरह जिले में 98.95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि पर राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने जिले की विशेष सराहना करते हुए यहां तैयार की गई कार्ययोजना को प्रोत्साहित किया है।

आज मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य के सभी कलेक्टरों की समीक्षा बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं एग्रीस्टैक योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बालोद जिले की उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।

405 गांवों में सर्वेक्षण पूरा, विशेष ग्राम सभाओं में होगा सत्यापन

जिले के 405 गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इन गांवों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर सर्वेक्षण से संबंधित सूची का प्रकाशन एवं सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शेष गांवों में विशेष कार्ययोजना बनाकर सर्वेक्षण का कार्य समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया है।

समीक्षा बैठक में वन ग्राम से राजस्व ग्राम बने गांवों, डूबान गांवों, शासकीय पट्टेदारों, संस्थागत भूमि, ग्राम नौकर एवं अधियाध्रेगहा किसानों के खसरों का भी शत-प्रतिशत डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पिछले वर्ष मैन्युअल गिरदावरी के आधार पर धान विक्रय करने वाले किसानों के खसरों का फसल सत्यापन मोबाइल ऐप के माध्यम से कराने और संबंधित खसरों का डिजिटलीकरण करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए हैं।

14,590 खसरों का डिजिटलीकरण जारी, किसानों से मौके पर उपस्थित रहने की अपील

जिले में पिछले वर्ष मैन्युअल गिरदावरी के माध्यम से धान विक्रय करने वाले किसानों के कुल 14,590 खसरों का पॉलीगॉन तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। जिला प्रशासन बालोद ने संबंधित किसानों से अपील की है कि वे डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान अपने खेतों में मौके पर उपस्थित रहें, ताकि फसल का सही सत्यापन सुनिश्चित हो सके और सर्वेक्षण पूरा होने के बाद धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!