परस साहु बालोद
केंद्र व राज्य शासन से मिली 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी, मात्र 3 दिन में छत पर स्थापित हुआ सोलर पैनल।
स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिलों से राहत दिलाने के उद्देश्य से संचालित ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ जिले के नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। सौर ऊर्जा को अपनाकर नागरिक न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि हर महीने अपनी गाढ़ी कमाई की बड़ी बचत भी कर रहे हैं। गुरूर के श्री उदयलाल यादव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जिनके घर का बिजली बिल अब शून्य हो चुका है।
2500 से 3000 रुपये आता था बिल, अब नहीं देना पड़ रहा एक भी पैसा
गुरूर निवासी उदयलाल यादव ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पूर्व में उनके घर में दो विद्युत मीटर लगे हुए थे। हर महीने औसतन 2500 से 3000 रुपये तक बिजली का बिल आता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त भार पड़ता था। बिजली विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन और बेटे की प्रेरणा से उन्होंने अपनी छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनका बिजली बिल पूरी तरह ‘शून्य’ हो गया है और उन्हें एक भी पैसा बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ रहा है।
सभी घरेलू उपकरण चल रहे निर्बाध, 3 दिन में पूरा हुआ काम
यादव ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद भी उनके घर के सभी विद्युत उपकरण-पंखा, लाइट, कूलर और एसी पहले की ही तरह निर्बाध रूप से चल रहे हैं। पूरी प्रक्रिया की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि आवेदन के उपरांत मात्र 3 दिनों के भीतर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।
1 लाख 8 हजार रुपये की मिली सब्सिडी, बैंक फाइनेंस की भी सुविधा
उदयलाल यादव ने बताया कि योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 01 लाख 08 हजार रुपये की आकर्षक सब्सिडी सीधे प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त बैंक के माध्यम से आसान किस्तों में फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे आर्थिक रूप से कोई अतिरिक्त दबाव नहीं आया।
योजना की उपयोगिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम जनता की जेब को राहत देने वाली है। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाकर योजना का लाभ उठाने की अपील की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।
