Skip to main content

PATRIKA24x7

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिदेव मंदिर तालाब में चला स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान।

परस साहु बालोद

गुंडरदेही, 17 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत गुंडरदेही द्वारा शनिवार को बुधवारी बाजार चौक के पास स्थित शनिदेव मंदिर तालाब की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वैच्छिक संगठनों के सदस्यों तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) कोमल ठाकुर सहित पार्षद शैल महोबिया, एल्डरमैन गोकुल निषाद एवं अशोक महोबिया उपस्थित रहे। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं में केशव साहू, चंद्रहास साहू, कविता गेंदे, ममता निषाद, चंद्रकांत साहू तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कामता प्रसाद साहू ने सहभागिता निभाई। स्वच्छताग्राही दीदियों एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों का भी अभियान में विशेष सहयोग रहा।

स्वच्छता के लिए नागरिकों से श्रमदान की अपील

अभियान के दौरान नगर की स्वच्छता बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों के संरक्षण पर जोर दिया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर एवं सामाजिक कार्यकर्ता केशव साहू ने नगरवासियों से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और श्रमदान के माध्यम से नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनसहभागिता से ही सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई और जलस्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकता है।

शनिदेव मंदिर तालाब परिसर में आयोजित इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!