PATRIKA24x7

कृषि विभाग की राज्य स्तरीय टीम ने जिले में विभिन्न सहकारी समितियों एवं गतिविधियों का किया औचक निरीक्षण।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

अपर संचालक कृषि आर. के. चन्द्रवंशी, संभागीय संयुक्त संचालक कृषि दुर्ग गोपिका गबेल द्वारा बालोद जिले में सेवा सहकारी समिति, कचांदुर एवं डबल लॉक सेंटर, गुण्डरदेही का औचक निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग के उपसंचालक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति कचांदुर के पी.ओ.एस. मशीन के स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में अंतर होने के कारण उन्हें उर्वरक निरीक्षक के द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया एवं उपलब्ध उर्वरकों को किसानों को तत्काल वितरण हेतु समिति त्रिबंधक को निर्देश दिए गए।

संयुक्त संचालक कृषि के द्वारा उपलब्ध उर्वरक को तत्काल एकनॉलेज कर वितरण हेतु निर्देश दिए। डबल लॉक सेंटर में भी प्राप्त उर्वरकों को तत्काल सोसायटियों में भेजने के निर्देश प्रसारित किए गए। इसी परिपेक्ष्य में राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार विकासखण्ड गुरूर में निजी कीटनाशक विक्रय केन्द्र मेसर्स कलिहारी कृषि केन्द्र में जिला स्तरीय टीम के द्वारा निरीक्षण किया गया तथा अनियमितता पाये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

विकासखण्ड गुण्डरदेही में मेसर्स गांधी हार्डवेयर एवं कृषि केन्द्र गुण्डरदेही के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया गया। जहाँ अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उर्वरकों के वितरण, गुण नियंत्रण में पारदर्शिता लाने एवं कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग के द्वारा सख्त निगरानी की जा रही है। जिले में कृषि आदान विक्रेताओं के द्वारा अनियमितता पाये जाने पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय टीम के द्वारा कृषक बिसालीराम, ग्राम खलारी के खेत में पैडी ट्रांसप्लाटर से हुई धान की रोपाई का निरीक्षण किया गया।

कृषक के द्वारा बताया गया कि रोपाई की यह तकनीक आसान है एवं इसके उपयोग से लागत में काफी कमी आई है। अधिकारियों के द्वारा कृषक की प्रशंसा करते हुए उन्हें अन्य किसानों को भी प्रेरित कर रोपाई की इस उन्नत तकनीक से खेती करवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान ग्राम खलारी में मेडों पर अरहर एवं तिल की फसल का अवलोकन किया गया। जहाँ समय पर कीटनाशक एवं उर्वरकों का उपयोग कर अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, गुण्डरदेही उर्वरक निरीक्षक एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!