PATRIKA24x7

आदि कर्मयोगी अभियान रेस्पोंसिव गवर्नेंस प्रोग्राम अंतर्गत विकासखण्ड मुख्यालयों में कार्यशाला सह प्रशिक्षण प्रारंभ।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

चयनित ग्रामों में जनजातीय कल्याण के योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु ग्राम स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को दिया जा रहा है प्रशिक्षण।
जनपद पंचायत डौण्डी के सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि हुए शामिल।

आदि कर्मयोगी अभियान रेस्पोंसिव गवर्नेंस प्रोग्राम के अंतर्गत बालोद जिले के 186 आदिवासी बहुल ग्रामों में जनजातीय वर्ग के कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु आज 09 सितंबर से विकासखण्ड मुख्यालयों में कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन प्रारंभ कर दिया गया है।

इसके अंतर्गत आज जनपद पंचायत डौण्डी के सभाकक्ष में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत डौण्डी विकासखण्ड के कुल 66 गांवों में गांव के लिए चयनित मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जनपद पंचायत डौण्डी के सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला में जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो, जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, साधना सोरी, झमित बाई धलेन्द्र एवं रत्ना हिरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। डौण्डी विकासखण्ड में आज आयोजित पहले दिन के कार्यशाला में विकासखण्ड के 21 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित दल प्रभारीगण उपस्थित थे।

कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा ग्राम स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को डौण्डी विकासखण्ड के चयनित ग्रामों में जनजातीय वर्ग के लोगों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं से शत प्रतिशत लाभान्वित करने के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत आदिवासी बहुल डौण्डी विकासखण्ड के चयनित 66 गांवों में आदिवासी विकास के योजनाओं के सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक गांवों से 20-20 वालंटियर्स का चयन किया गया है। इन वालंटियर्स में से 05 वालंटिसर्य को मास्टर ट्रेनर्स बनाया गया है। इन सभी चयनित मास्टर ट्रेनर्स को आज जनपद पंचायत डौण्डी के सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला सह प्रशिक्षण में आदिवासी परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित योजनाओं से लाभान्वित कराने के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

ज्ञातव्य हो कि केन्द्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति परिवार के लोगों को 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष सेवा अभियान के दौरान उनके कल्याण एवं विकास हेतु जुड़ी प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई को आदि कर्म योगी अभियान का शुभारंभ किया गया है।

डौण्डी विकासखण्ड के अलावा जिले के सभी विकासखण्डों में भी कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित कर आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत चयनित ग्रामों में जनजातीय विकास एवं कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक गांव के लिए चयनित मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जनपद पंचायत डौण्डी में आयोजित कार्यशाला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा संबंधित विभाग के अधिकारियों के अलावा जिला एवं प्रत्येक गांवों के लिए चयनित मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!