लीलाधर साहू
बालोद ।
15 नवम्बर से जिला सहित पूरे प्रदेश में धान खरीदी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। जिले के गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम रजौली में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया। धान खरीदी शुरू होने से किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है। लंबे समय से अपनी उपज को बेचने का इंतजार कर रहे अन्नदाताओं के लिए यह एक बड़ी राहत है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ने इस दौरान कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है । सरकार 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद कर रही है जो हर्ष की बात है। खरीदी केंद्र में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी किसानों के धान का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। उन्होंने केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। शुभारंभ समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने कई किसानों से व्यक्तिगत रूप से बात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन प्रशासन किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पहले ही दिन कई किसानों ने केंद्र पर आकर अपना धान बेचा जिससे खरीदी की शुरुआत सकारात्मक रही। इस दौरान प्रमुख रूप से प्राधिकृत अध्यक्ष तमेश्वरी साहू समिति प्रबंधक एवं ग्रामवासी आदि उपस्थित रहे।

