PATRIKA24x7

छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने ली बालोद जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

लघु उद्यमियों एवं तिलहन उत्पादक कृषकों के सामाजिक, आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की

तेलघानी विकास बोर्ड द्वारा सभी को बेहतर एवं गुणवत्तायुक्त तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में बालोद जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित विभागों के द्वारा तेलघानी के परंपरागत व्यवसाय से जुड़े लघु उद्यमियों एवं तिलहन उत्पादक कृषकों के सामाजिक, आर्थिक स्थिति में सुधार एवं इनके उन्नयन हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर साहू ने व्यक्ति एवं समाज के बेहतर स्वास्थ्य के लिए गुणवत्तायुक्त तेल के सेवन को अत्यंत आवश्यक बताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड द्वारा स्कूलों एवं छात्रावास आश्रमों तथा आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के अलावा सभी लोगों को गुणवत्तायुक्त तेल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में राज्य तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि, उद्योग, आदिम जाति, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास, उद्यानिकी, अत्यांवसायी वित्त एवं विकास निगम, खाद्य सुरक्षा आदि के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की। साहू ने कृषि विभाग के उप संचालक को कृषि विभाग द्वारा बालोद जिले में कुसुम, सरसों एवं अन्य तिलहनों फसलों के पैदावार में वृद्धि हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समुचित मात्रा में कुसुम के बीज एवं इसके उत्पादन के लिए प्रेरित करने की भी आवश्यकता बताई।

जिले में उद्योग विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए परंपरागत व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से इसका समुचित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साहू ने केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा परंपरागत व्यवसाय से जुड़े लघु उद्यमियों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं का जिले में क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने ने अधिकारियों को इन योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित कराकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में साहू ने श्रम, रोजगार आदि विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को इन योजनाओं का समुचित लाभ प्रदान करने हेतु इनका समुचित प्रचार-प्रसार एवं जमीनी स्तर पर समुचित क्रियान्वयन के उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!