परस साहू बालोद
बालोद/ओरमा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायत ओरमा में पहली बार एक साथ बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। आयोजित ग्राम सभा में ग्राम ओरमा के 70 तथा आश्रित ग्राम मेड़की के 42 सहित कुल 112 हितग्राहियों की पात्रता सूची पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभा का आयोजन सरपंच मंजूलता साहू की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सचिव संतोष साहू, उपसरपंच रामचंद्र यादव एवं पंचायत के समस्त पंच उपस्थित रहे। बैठक के दौरान हितग्राहियों ने सूची में अपना नाम शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
पात्र होने के बावजूद छूटे नामों पर हुई चर्चा
ग्राम सभा के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया कि पात्र होने के बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया है। इस पर उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया कि सूची में शामिल अपात्र लोगों के नाम हटाकर वास्तविक पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाएंगे।
सरपंच मंजूलता साहू ने बताया कि ग्राम सभा से अनुमोदित संशोधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
पारदर्शिता और समय पर किस्त जारी करने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा हितग्राहियों को समय पर किस्त राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे बारिश के मौसम से पहले आवास निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई कर सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

