Skip to main content

PATRIKA24x7

कलेक्टर मिश्रा ने किया शौर्य चक्र से सम्मानित जिले के वीर जवान भोजराम साहू का सम्मान।

परस साहू बालोद

साहू की अदम्य वीरता एवं कर्तव्य परायणता की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों से शौर्य चक्र से सम्मानित होने वाले जिले के वीर जवान भोजराम साहू का कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय में स्थित अपने कक्ष में शाॅल एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने जिले के डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम ढोर्रीठेमा निवासी असम रायफल्स के जवान भोजराम साहू की अदम्य वीरता एवं कर्तव्य परायणता की भूरी-भूरी सराहना की। मिश्रा ने कहा कि साहू की गौरवपूर्ण उपलब्धि से हमारा बालोद जिला गौरवान्वित हुआ है। कलेक्टर ने भोजराम साहू की देश प्रेम एवं अदम्य वीरता को सभी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके यशस्वी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मिश्रा ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए साहू एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।

उल्लेखनीय है कि असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू को यह सम्मान वर्ष 2025 में मणिपुर के टेंगनौपाल क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में दिखाए गए अदम्य साहस के लिए मिला है। अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर अचानक हमला कर दिया था। ऐसी अत्यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भोजराम ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आगे बढ़कर मोर्चा संभाला। उन्होंने बेहद नजदीक से आतंकियों पर जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान उन्हें एक गोली भी लगी, लेकिन घायल होने के बावजूद वे पीछे नहीं हटे और अपनी जिम्मेदारी पर डटे रहे। उनके इस अदम्य साहस ने अभियान को सफल बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!