Skip to main content

PATRIKA24x7

गुण्डरदेही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संयुक्त शाला प्रवेशोत्सव,नवप्रवेशी विद्यार्थियों को साइकिल, पुस्तकें एवं गणवेश वितरित।

परस साहू बालोद

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गुण्डरदेही के संयुक्त तत्वावधान में शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रद्धा ठाकुर, विकासखंड स्रोत समन्वयक किशोर साहू, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हेमंत साहू, पार्षद हेमंत सोनकर, सेजेस अध्यक्ष लालवीर राजपूत, जगतूराम देशमुख, मोती ठाकुर, ममता निषाद, राजेश्वरी सोनकर (सदस्य, शाला विकास समिति), प्राचार्य कोमल सिंह कुल्हारे, सेजेस प्राचार्य त्रिनाभ मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक, पालक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कार्यालयीन कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी माँ सरस्वती, प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर, सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात भारतीय संस्कृति की “अतिथि देवो भव:” की भावना के अनुरूप अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्वागत गीत के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया गया।

सेजेस के प्राचार्य त्रिनाभ मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं आवश्यकताओं से संबंधित मांग-पत्र प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा ने विद्यार्थियों से अनुशासन, गुरुजनों के सम्मान एवं कठिन परिश्रम के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की कार्यशैली अलग होती है, लेकिन सफलता उसी को मिलती है जो अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है।

मुख्य अतिथि  प्रमोद जैन ने सभी विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को शाला प्रवेशोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गुण्डरदेही नगर एवं दोनों विद्यालयों के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में घोषित 10 लाख रुपये की लागत से विद्यालय परिसर में मंच एवं शेड का निर्माण पूर्ण हो चुका है। साथ ही लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इनडोर स्टेडियम एवं खेल मैदान का टेंडर भी हो चुका है, जिसका लाभ विद्यार्थियों को शीघ्र मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क साइकिल, पाठ्यपुस्तक एवं दो जोड़ी स्कूल गणवेश जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से संस्कारवान बनकर उत्कृष्ट परिणाम देने तथा शिक्षकों से समय पर विद्यालय पहुँचकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक गीत, संगीत एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शासन की निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा योजना के अंतर्गत पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं साइकिलों का वितरण किया गया। सेजेस की दो पात्र छात्राओं तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 31 पात्र बालिकाओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं।

कार्यक्रम का समापन राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” के गायन के साथ हुआ। अंत में प्राचार्य के. एस. कुल्हारे ने सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी संजय शुक्ला ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी व्याख्याताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!