परस साहू बालोद
गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुरसुनी में मुख्य मार्ग के बीच स्थित अटल स्मारक (चौक) की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। स्मारक का निचला हिस्सा कई स्थानों से टूटकर बिखर गया है। ईंटें और मलबा सड़क पर फैल गया है, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मौके पर देखने से स्पष्ट होता है कि स्मारक का आधार कमजोर हो चुका है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो पूरा ढांचा गिरने का खतरा बना हुआ है। यह चौक सड़क के बीच स्थित होने के कारण यहां से दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। रात के समय या बारिश में इसकी जर्जर स्थिति दुर्घटना की आशंका और बढ़ा देती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से स्मारक की यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग और प्रशासन ने इसकी सुध नहीं ली है। लोगों ने जल्द से जल्द इसकी मरम्मत कराने और सड़क पर फैले मलबे को हटाने की मांग की है। यह क्षेत्र गुण्डरदेही विधानसभा के विधायक कुंवर सिंह निषाद के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को इस ओर तत्काल ध्यान देकर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फिलहाल यह देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस जर्जर स्मारक की मरम्मत कब तक कराते हैं या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई होगी।

