Skip to main content

PATRIKA24x7

गोरकापार हाई स्कूल में 29 छात्राओं को मिली सायकल, चेहरे पर खिली मुस्कान।*

परस साहू बालोद

*सरस्वती सायकल योजना के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने किया सायकल का वितरण*

*बालोद :-* ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें निर्बाध रूप से स्कूल आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती सायकल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरकापार में सायकल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की 29 छात्राओं को निःशुल्क सायकल प्रदान की गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर,सरपंच रामेश्वरी चंद्राकर, पांगरी सरपंच प्रमोद पटेल , शाला विकास समिति के अध्यक्ष रोहित खरे,उपसरपंच भीखम लखेरा,संस्था के प्राचार्य आदि उपस्थित रहे।

*2003 के पहले 8वीं के बाद थम जाती थी बेटियों की पढ़ाई : तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर*

छात्राओं और उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले ग्रामीण अंचलों में साधन और सुविधा के अभाव में बेटियां 8वीं कक्षा के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती थीं। लेकिन भाजपा की सरकार बनते ही तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बेटियों के दर्द को समझा और उन्हें शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए ऐतिहासिक ‘सरस्वती सायकल योजना’ की शुरुआत की। इसी योजना की बदौलत आज हमारी बेटियां हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी कर रही हैं और उच्च शिक्षा ग्रहण कर हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा बालिका शिक्षा को प्राथमिकता दी है और बेटियों को सशक्त बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अपने हाथों से 29 छात्राओं को सायकल की चाबी सौंपी। सायकल मिलते ही छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें दूर-दराज से पैदल स्कूल आने-जाने की समस्या से मुक्ति मिलेगी और उनका समय भी बचेगा, जिसका उपयोग वे अपनी पढ़ाई में कर सकेंगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर एवं सरपंच रामेश्वरी चंद्राकर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला विकास समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!