परस साहू बालोद
“स्नेह की डोरी—एक राखी शिक्षक के नाम” कार्यक्रम का आयोजन
दल्लीराजहरा, 27 अगस्त 2026। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, नया बाजार राजहरा में गुरुवार को कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एम.के. गोरे के कुशल सानिध्य एवं मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा स्वयं तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां रहीं। विद्यार्थियों में अपने गुरुजनों के प्रति स्नेह एवं सम्मान का भाव देखते ही बन रहा था। “स्नेह की डोरी—एक राखी शिक्षक के नाम” के अंतर्गत विद्यार्थियों ने आरती की थाल सजाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं का अक्षत एवं रोली से तिलक किया तथा उनकी कलाई पर राखी बांधकर गुरुजनों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एम.के. गोरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व ही नहीं, बल्कि यह आपसी स्नेह, सौहार्द, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य गोरे ने रक्षाबंधन पर आधारित छत्तीसगढ़ी गीत अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर वातावरण को और भी भावपूर्ण एवं आनंदमय बना दिया। विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस प्रकार विद्यालय परिसर में प्रेम, भाईचारे, सम्मान एवं सौहार्द से परिपूर्ण वातावरण में रक्षाबंधन का पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

