Skip to main content

PATRIKA24x7

जनदर्शन में तीन दिव्यांगजनों की राह हुई आसान, मिली ट्राईसिकल तो बोले – धन्यवाद विष्णु भैया।

परस साहू बालोद

संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आज उस समय मानवीय संवेदना और सुशासन की सुखद तस्वीर देखने को मिली, जब कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के तीन दिव्यांगजनों को मौके पर ही ट्राईसिकल प्रदान कर उनकी राह आसान कर दी। शासन की इस त्वरित सहायता से लाभान्वितों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा ’धन्यवाद विष्णु भैया’। जनदर्शन में पहुंचे दिव्यांगजनों की स्थिति का परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता के प्रतिशत के आधार पर आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम मनकी सा की टुमेश्वरी और ग्राम कोबा की शशिकला को 80 प्रतिशत दिव्यांगता होने पर पर आधुनिक बैटरी चालित ट्राईसिकल प्रदान की गई। इसी प्रकार 50 प्रतिशत दिव्यांगता होने पर बालोद विकासखण्ड के ग्राम तमोरा के राजेश को सामान्य ट्राईसिकल प्रदान किया गया।

डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम पंचायत मनकी सा निवासी टुमेश्वरी ने बताया कि दिव्यांगता के चलते उन्हें कहीं भी आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वे अपने पिता या भाई पर निर्भर रहती थीं, जिससे उनका परिवार का समय भी काफी प्रभावित होता था। उसने बताया कि वह स्व-सहायता समूह से जुड़कर काम कर रही हैं। बैटरी चलित ट्राईसिकल मिलने से अब वे बैंक आने-जाने और समूह के कार्यों को बिना किसी सहारे के खुद संभाल सकेंगी। उन्होंने अपनी राह आसान होने पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद विष्णु भैया कहा है।

ग्राम कोबा निवासी दिव्यांग शशिकला गांव में ही किराने की एक छोटी दुकान चलाती हैं। दुकान जाने-आने और सामग्री खरीदने के लिए दूसरे गांव जाने में उन्हें बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। शशिकला ने बताया कि बैटरी चालित ट्राईसिकल मिलने से अब उनका व्यवसाय और दैनिक जीवन दोनों सुगम हो जाएंगे। उन्होंने प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा – धन्यवाद विष्णु भैया। शशिकला ने कहा कि इतने कम समय में मिली इस मदद से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। जनदर्शन में मिली इस सहायता ने न केवल इन दिव्यांगजनों के सफर की बाधाओं को दूर किया है, बल्कि उन्हें समाज में स्वावलंबन और गरिमा के साथ आगे बढ़ने का एक नया हौसला भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!