परस साहू बालोद
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा और समर्पण का संदेश
बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के मुख्य वक्ता सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की यात्रा केवल सत्ता में रहने की यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और करोड़ों देशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का स्वर्णिम काल है। जैन ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी जी के संवैधानिक पद पर रहते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा आज विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर राष्ट्रसेवा में परिवर्तित हो चुकी है। एक सामान्य कार्यकर्ता से देश के प्रधान सेवक तक की यह यात्रा संकल्प, समर्पण, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रेरणादायी यात्रा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर प्रत्येक वर्ष ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है, लेकिन इस बार यह अवसर विशेष है। प्रधानमंत्री जी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को देखते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से देश में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को और मजबूत करना है।
गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में आया ऐतिहासिक बदलाव
जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने केवल योजनाएं नहीं देखीं, बल्कि योजनाओं का प्रभाव आम नागरिक के जीवन में दिखाई दिया है। गरीबों को पक्का आवास, करोड़ों परिवारों तक राशन, करोड़ों शौचालयों का निर्माण, करोड़ों लोगों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना, कोविड महामारी के दौरान बड़े पैमाने पर निःशुल्क टीकाकरण तथा जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत सहित अनेक योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सोच का केंद्र हमेशा अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ सरकार ने समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया है।
निराशा से आशा और आत्मविश्वास की ओर बढ़ा भारत
प्रदेश महामंत्री जैन ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी जी ने देश का नेतृत्व संभाला, तब देश में नीतिगत जड़ता और निराशा का वातावरण था। आज वही भारत दुनिया की प्रमुख और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी पहचान बना रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष, कृषि, खेल और तकनीक सहित अनेक क्षेत्रों में भारत ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। स्टार्टअप और यूनिकॉर्न की बढ़ती संख्या इसका प्रमाण है। ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा किया है।
सुरक्षित, सशक्त और आत्मविश्वासी भारत का निर्माण
जैन ने कहा कि एक समय आतंकवाद और नक्सलवाद देश के लिए गंभीर चुनौती थे। मोदी सरकार ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी निर्णायक कार्रवाई के साथ विकास की नई धारा पहुंची है। आज अनेक क्षेत्र हिंसा और भय से बाहर निकलकर सामान्य जनजीवन तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ सम्मान और आत्मविश्वास भी मोदी सरकार की उपलब्धि है। आज दुनिया में भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामर्थ्य और भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का सम्मान हैं।
विकास के साथ संस्कृति और विरासत का पुनर्जागरण
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 25 वर्षों के सेवा काल में विकास के साथ भारत की सांस्कृतिक चेतना को भी नई मजबूती मिली है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का विकास, महाकाल लोक, सोमनाथ सहित देश के प्रमुख तीर्थ एवं सांस्कृतिक केंद्रों का विकास भारत की गौरवशाली विरासत को नई पहचान देने का कार्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास को केवल सड़क, बिजली और भवनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि देश की सोच बदलने का अभियान भी चलाया। सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों को ‘अंतिम गांव’ कहने की मानसिकता बदलकर उन्हें ‘प्रथम गांव’ के रूप में देखने का दृष्टिकोण दिया गया। यह परिवर्तन केवल योजनाओं में नहीं, बल्कि राष्ट्र की सोच में आया परिवर्तन है।
महिला सशक्तिकरण से ‘वुमेन-लेड डेवलपमेंट’ तक
जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महिला विकास की पारंपरिक अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए ‘वुमेन-लेड डेवलपमेंट’ को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ तक महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने की दिशा में व्यापक कार्य हुआ है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से नीति-निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई है।
गुजरात मॉडल से विकसित भारत के संकल्प तक
जैन ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी की प्रशासनिक क्षमता और विकास की दृष्टि की शुरुआत गुजरात से हुई। नर्मदा परियोजना, ज्योतिग्राम योजना और वाइब्रेंट गुजरात जैसे प्रयासों ने गुजरात को विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान दी। गांवों से लेकर शहरों तक विकास का मॉडल खड़ा करने की उनकी सोच आज पूरे देश में ‘विकसित भारत’ के संकल्प के रूप में दिखाई दे रही है।
कोरोना जैसी वैश्विक आपदा के समय प्रधानमंत्री जी ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र देकर देश को आत्मविश्वास के साथ खड़े होने का मार्ग दिखाया। आज मैनपावर से मैन्युफैक्चरिंग पावर, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि कल्याण और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां उसी दीर्घकालिक सोच का परिणाम हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
श्री यशवंत जैन ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार होंगे—
– रक्तदान शिविर के माध्यम से सेवा अभियान की शुरुआत।
– ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में 17 सितंबर की शाम 7 बजे देशभर के परिवारों और लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री जी को आशीर्वाद स्वरूप दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
– ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं।
– ‘नमो सेवाः अनकही कहानियां’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से बदले जीवन की कहानियों को नाट्य एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
– ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के सम्मान के साथ पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
– ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा।
– ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ के माध्यम से 7 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
– युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। युवाओं की टोलियां गांवों, आंगनवाड़ी केंद्रों, किसान समूहों एवं युवा क्लबों से संवाद करेंगी।
– ‘सेवा—मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक नागरिक से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने का आह्वान किया जाएगा।
– ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
– ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के अंतर्गत मानव रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।
– युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं प्रोफेशनल्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा।
– जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और सम्मान के लिए ‘सुशासन संवाद’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा से सहभागिता और सहभागिता से विकसित भारत
जैन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भारतीय जनता पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का अभियान है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को यह अनुभव कराना है कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयास से होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों का कार्यकाल हमें यह संदेश देता है कि सत्ता साध्य नहीं, सेवा का माध्यम है; पद प्रतिष्ठा नहीं, दायित्व है और विकास केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि आम आदमी के जीवन में आया परिवर्तन है।
‘सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष—विकसित भारत के संकल्प की ओर एक और मजबूत कदम’ के साथ भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता और समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेंगे।
जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की ऐतिहासिक सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।
*मीडिया के माध्यम से भी इस अभियान के संदेश और कार्यक्रमों को व्यापक समाज तक पहुंचाने का आग्रह उन्होंने किया।*
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को विकसित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित और समर्थ भारत बनाने की दिशा में यह सेवा संकल्प अभियान एक महत्वपूर्ण जनअभियान बनेगा।
इस प्रेस वार्ता में विशेष रूप से उपस्थित रहे – भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, महामंत्री राकेश छोटू यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री शाहिद खान जी, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया।
कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद

