Skip to main content

PATRIKA24x7

*प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शाम को जलेगा आशीर्वाद का दिया, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने की अपील।*

परस साहू बालोद

*बालोद :-* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर पूरे जिले में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बालोद जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने जिलेवासियों और विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से 17 सितंबर की शाम को अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया है।

यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके सार्वजनिक जीवन के सफल 25 वर्षों का जश्न मनाने के लिए की जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा गरीबों और वंचितों की आवाज सुनी है। उन्होंने देश के करोड़ों निर्धन परिवारों के सिर पर पक्की छत का सपना साकार किया है। आज लाखों परिवार सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी रहे हैं, जो प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और जन-कल्याणकारी नीतियों का ही परिणाम है। चंद्राकर ने जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए पीएम आवास योजना 2.0 का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 88 हजार परिवारों का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है। आने वाले दिनों में इन सभी पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार की इस प्रतिबद्धता से जिले के हज़ारों परिवारों के जीवन में एक नया उजाला आने वाला है।

17 सितंबर की शाम को आयोजित होने वाला यह दीप प्रज्वलन कार्यक्रम जन-जन के स्नेह और सम्मान का प्रतीक है। इसे आशीर्वाद का दिया नाम दिया गया है। 17 सितंबर की शाम को सभी सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक अपने-अपने घरों, आंगन तथा निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर दीपक जलाएंगे। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करना तथा देश निर्माण में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करना है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि और विकास योजनाओं के लाभार्थियों से इस पावन अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और आशीर्वाद का दिया जलाकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!